ड्राइवरों को सम्मान : नीमराना फोर्ट-पैलेस में ‘नीमराही’ कैफेटेरिया का भव्य शुभारंभ, बाची कारकरिया ने किया उद्घाटन

नीमराना (रमेश चंद)। नीमराना फोर्ट-पैलेस ने अतिथि सत्कार की अपनी परंपरा में एक नया और मानवीय अध्याय जोड़ा है। प्रसिद्ध लेखिका, वरिष्ठ पत्रकार एवं द टाइम्स ऑफ इंडिया की पूर्व संपादक सुश्री बाची कारकरिया ने नीमराना होटल्स के चेयरमैन श्री अमन नाथ की गरिमामयी उपस्थिति में फोर्ट-पैलेस परिसर में स्टाफ और ड्राइवरों के लिए विशेष रूप से बनाए गए कैफेटेरिया ‘नीमराही’ का उद्घाटन किया।

इस अवसर पर सुश्री बाची कारकरिया ने होटल उद्योग में ड्राइवरों की अहम भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि अक्सर ड्राइवरों के योगदान को वह महत्व नहीं मिल पाता जिसके वे हकदार हैं। मेहमानों को सुरक्षित होटल तक लाना और वापस उनके गंतव्य तक पहुंचाना ड्राइवरों की ही जिम्मेदारी होती है। अच्छे भोजन और पर्याप्त विश्राम के बाद ही एक ड्राइवर पूरी सजगता से मेहमानों की सुरक्षा सुनिश्चित कर सकता है, इसलिए उनका सम्मान और देखभाल अत्यंत आवश्यक है।

प्रबंधन ने बताया कि ‘नीमराही’ विशेष रूप से नीमराना फोर्ट-पैलेस के कर्मचारियों और अतिथियों के साथ आने वाले ड्राइवरों के लिए विकसित किया गया है, जो आम जनता के लिए खुला नहीं रहेगा। इसका मुख्य उद्देश्य उन्हें भोजन, विश्राम और आपसी संवाद के लिए एक स्वच्छ, आरामदायक और सम्मानजनक स्थान उपलब्ध कराना है। यह पहल नीमराना फोर्ट-पैलेस की इस सोच को दर्शाती है कि उत्कृष्ट मेहमाननवाजी की असली शुरुआत उन लोगों की देखभाल से होती है, जो पर्दे के पीछे रहकर मेहमानों के अनुभव को यादगार बनाते हैं। उद्घाटन समारोह में फोर्ट-पैलेस के प्रबंधन और स्टाफ के कई सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *