शाहजहांपुर में डॉ. अंबेडकर भवन के लिए भूमि आवंटन की मांग, सेवा समिति ने उपखंड अधिकारी को सौंपा ज्ञापन

नीमराना (रमेश चंद)। ग्राम शाहजहांपुर में डॉ. भीमराव अंबेडकर भवन के निर्माण के लिए सरकारी भूमि आवंटित करने की मांग को लेकर डॉ. भीमराव अंबेडकर सेवा समिति शाहजहांपुर ने उपखंड अधिकारी नीमराना को ज्ञापन सौंपा। भीम आर्मी के प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेंद्र मेहरा, समिति के अध्यक्ष कृष्ण कुमार और सचिव मनोज कुमार के नेतृत्व में यह ज्ञापन सौंपा गया। उन्होंने बताया कि ग्राम शाहजहांपुर में समाज के पास वर्तमान में कोई स्थायी भवन अथवा धर्मशाला नहीं है, जिसके कारण समाज के विवाह, बैठक, सामाजिक एवं अन्य सामुदायिक कार्यक्रमों के आयोजन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। समिति ने बताया कि सामाजिक, शैक्षणिक एवं सामुदायिक कार्यक्रमों के लिए डॉ. भीमराव अंबेडकर भवन का निर्माण प्रस्तावित है। इस संबंध में सरकारी भूमि की जानकारी एवं मौका स्थिति के लिए पटवारी से भी जानकारी प्राप्त की गई, लेकिन सामने आया कि शाहजहांपुर में वर्तमान में उपयुक्त सिवायचक भूमि उपलब्ध नहीं है। समिति ने ज्ञापन में कहा कि लंबे समय से समाज की यह आवश्यकता रही है कि शाहजहांपुर में एक स्थायी स्थान उपलब्ध हो, जहां डॉ. भीमराव अंबेडकर भवन का निर्माण करवाकर सामाजिक, शैक्षणिक एवं जनहित से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा सकें। समिति ने उपखंड अधिकारी से मांग की है कि तथ्यों को ध्यान में रखते हुए ग्राम शाहजहांपुर में राजकीय भूमि में से कोई उपयुक्त भूमि, जो नियमानुसार आवंटन योग्य हो तथा सड़क से लगी हो अथवा आवागमन की दृष्टि से सुविधाजनक हो, उसका मौका निरीक्षण एवं राजस्व रिकॉर्ड की जांच करवाकर डॉ. भीमराव अंबेडकर भवन हेतु नियमानुसार भूमि आवंटित की जाए। इस अवसर पर समिति अध्यक्ष कृष्ण कुमार, सचिव मनोज कुमार, कोषाध्यक्ष महावीर सिंह वर्मा, भीम आर्मी प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेंद्र मेहरा, विक्रम ठेकेदार, लखन वाल्मीकि, विक्रम वाल्मीकि सहित अन्य पदाधिकारी एवं समाज के लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *