नीमराना (रमेश चंद)। भारत विकास परिषद नीमराना द्वारा राष्ट्रीय ग्लोबल पब्लिक स्कूल नीमराना के सहयोग से गुरु-शिष्य परंपरा, संस्कार एवं राष्ट्रप्रेम को समर्पित गुरु वंदन-छात्र अभिनंदन समारोह का भव्य एवं गरिमापूर्ण आयोजन किया गया। समारोह में क्षेत्र के 16 विद्यालयों से चयनित 35 मेधावी विद्यार्थियों एवं 35 उत्कृष्ट शिक्षकों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ वंदे मातरम् के सामूहिक गायन के साथ हुआ। इसके पश्चात स्वामी विवेकानंद, भारत माता एवं मां सरस्वती के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में रैफल्स यूनिवर्सिटी नीमराना के डीन डॉ. संजीव कुमार एवं राष्ट्रीय ग्रुप के चेयरमैन मुकेश यादव उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में महावीर प्रसाद चरखिया मौजूद रहे। इस अवसर पर भारत विकास परिषद नीमराना के अध्यक्ष अनिल कुमार जांगिड़, सचिव शशांक भारद्वाज, कोषाध्यक्ष सतवीर यादव सहित सदस्य धर्मेंद्र यादव, नितीश राठी एवं जितेंद्र यादव भी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का प्रभावशाली मंच संचालन राजेंद्र यादव ने अपनी ओजस्वी शैली में किया, जिसमें योगेंद्र यादव ने सहयोग प्रदान किया। मुख्य अतिथि मुकेश यादव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता केवल अच्छी शिक्षा से नहीं, बल्कि शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन, परिश्रम और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना से मिलती है। गुरु हमारे जीवन को सही दिशा देने वाले मार्गदर्शक हैं और उनका सम्मान करना भारतीय संस्कृति की महान परंपरा है।

इस अवसर पर 35 उत्कृष्ट शिक्षकों को प्रतीक चिह्न, पटका, श्रीफल एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया, वहीं 35 मेधावी विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र एवं प्रतीक चिह्न प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
परिषद के संस्कार संयोजक राजेंद्र यादव ने कहा कि गुरु वंदन-छात्र अभिनंदन जैसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में गुरुजनों के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करने के साथ उन्हें भारतीय संस्कृति एवं राष्ट्रसेवा से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। कार्यक्रम के अंत में सचिव शशांक भारद्वाज ने राष्ट्रीय ग्लोबल पब्लिक स्कूल के प्रबंधन, शिक्षकों एवं समस्त विद्यालय परिवार का तथा विशेष रूप से स्कूल के डायरेक्टर नितेश जी का सफल आयोजन में सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।



